उत्तराखंड उत्तरांचल का प्राचीन काल पाल वंश का इतिहास

 प्राचीन काल  पाल वंश 

बैजनाथ अभिलेखों के आधार पर यह कहा जा सकता है कि ग्यारहवीं और बारहवीं सदी में लखनपाल, त्रिभुवनपाल, रूद्रपाल, उदयपाल, चरूनपाल, महीपाल, अनन्तपाल, आदि पाल नामधारी राजाओं ने कत्यूर में शासन किया था। लेकिन तेरहवीं सदी में पाल कत्यूर छोड़कर अस्कोट के समीप ऊकू चले गए, ओर वहाँ जा कर उन्होंने पाल वंश की स्थापना की। 
मल्ल राजवंश 
एटकिंसन के अनुसार नेपाली विजेता अशोकचल्ल (Ashokchlla) के गोपेश्वर लेख की तिथि 1191 ई. है, लेकिन गोपेश्वर के त्रिशूल पर अंकित अशोकचल्ल की दिग्विजय सूचक लेख में कोई तिथि नहीं दी गई है। इसके विपरीत अशोकचल्ल के बोधगया से प्राप्त एक लेख में परिनिर्वाण संवत् 1813 का उल्लेख है। सिंहली परम्परा के अनुसार 554 ई. से परिनिर्वाण संवत् प्रारम्भ हुआ। 
तेरहवीं सदी में नेपाल में बौद्ध धर्मानुयायी मल्ल राजवंश का अभ्युदय हुआ। बागेश्वर लेख के अनुसार 1223 ई. में क्राचल्लदेव ने कार्तिकेयपुर (कत्यूर) के शासकों को परास्त कर दिया जो स्वयं दुलू का राजा था। दुलू और जुमला से मल्ल राजवंश के अनेक लेख मिले हैं। जिनसे ज्ञात होता है कि तेरहवीं से पन्द्रहवीं सदी तक कुमायूं गढ़वाल और पश्चिमी तिब्बत में कैलाश मानसरोवर तक मल्लों का प्रभुत्व था। इसी मल्ल राजवंश को कुमायूं-गढ़वाल की लोकगाथाओं में कत्यूरी राज्य कहा जाता है। इस साम्राज्य का वास्तविक संस्थापक अशोकचल्ल था। 
आसन्तिदेव वंश 
पर्वतीय लोकगाथाओं तथा अस्कोट, डोटी और पालीपछाऊं के राजघरानों की वंशावली के अनुसार आसन्तिदेव ने जोशीमठ से आकर कत्यूर पर अधिकार किया। जोशीमठ से प्राप्त गुरूपादुक नामक हस्तलिखित ग्रन्थ में आसन्तिदेव के पूर्वजों में अग्निवराई, फीणवराई, सुवतीवराई, केशवराई और बगडवराई के नाम क्रमश: दिए हुए हैं। जिन्होंने जोशीमठ से राजधानी हटाकर कत्यूर में रणचूलाकोट में स्थापित की। उसके पश्चात् कत्यूर में वासंजीराई, गोराराई, सांवलाराई, इलयणदेव, तीलणदेव, प्रीतमदेव, धामदेव और ब्रह्मदेव ने क्रमश: शासन किया 
सभी इतिहासकार इस बात से एकमत हैं कि कत्यूरियों का विशाल साम्राज्य ब्रह्मदेव के अत्याचारी शासन के कारण समाप्त हुआ। एक लोकगाथा में चम्पावत के चन्दवंशीय राजा विक्रमचन्द द्वारा ब्रह्मदेव के माल-भाबर में उलझे रहने के समय लखनपुर पर आक्रमण का वर्णन मिलता है। विक्रमचन्द ने 1423 से 1437 ई. तक शासन किया। अत: ब्रह्मदेव का भी यही समय माना जाना चाहिए। विक्रमचन्द अन्त में परास्त हुआ और उसे ब्रह्मदेव की अधीनता स्वीकार करनी पड़ी। इस प्रकार कत्यूरी राजसत्ता का पतन पन्द्रहवीं सदी के प्रारम्भ में माना जाता है।

टिप्पणियाँ

upcoming to download post