हर घर की पसंद गढ़वाली और कुमाऊंनी रायता

हर घर की पसंद गढ़वाली और कुमाऊंनी रायता

ककड़ी (खीरे) का रायता पहाड़ की लोकप्रिय डिश है। वैसे तो रायता आमतौर पर पहाड़ के हर घर में बनता है, लेकिन कुमाऊंनी रायते की बात ही निराली है। खास टेस्ट होने के कारण कुमाऊंनी रायता गढ़वाल-कुमाऊं में समान रूप से पसंद किया जाता है। गढ़वाल में इसे 'रैलू कहते हैं।
Garhwali Raita or Kumauni Raita

 इसके अलावा गढ़वाल में कद्दू का 'रैठू भी खास पसंद किया जाता है। चलिए! हम भी 'रैलू और 'रैठू का जायका लेते हैं।

ऐस बनता है गढ़वाल और कुमाऊंनी रायता

Garhwali Raita or Kumauni Raita

गढ़वाल और कुमाऊंनी रायता बनाने के लिए मिट्टी या लकड़ी के पारंपरिक बर्तन में दो-एक दिन पहले राई या सरसों के बीजों का पाउडर मिलाकर दही जमाने रख दी जाती है। इससे दही में जोरदार रासायनिक क्रिया होती है। दही जमने के बाद उसमें कद्दूकस की हुई ककड़ी डाल डालकर जरूरत के हिसाब से नमक, मिर्च और मसाले मिक्स कर लेते हैं। साथ ही राई व जंबू का छौंका भी लगा लिया जाता है। बस! कुमाऊंनी रायता बनकर तैयार है।

अपनी-अपनी परंपरा

गढ़वाल और कुमाऊं में रायता शादी-समारोह में विशेष रूप से परोसा जाता है। जबकि, गढ़वाल में पितृपक्ष के दौरान रायता खाने की परंपरा है। हालांकि, अब हर मौके पर रायता खाने का हिस्सा बनने लगा है। 

चिरमिरी महक के क्या कहने

गढ़वाल और कुमाऊंनी रायते में एक खास किस्म की चिरमिरी महक होती है। राई व सरसों के दानों की इस महक को आप जीवनभर भूल नहीं पाओगे। इस रायते को घरों में नाश्ते के साथ विशेष रूप से खाया जाता है।

कद्दू के रैठू का लाजवाब जायका

रैठू पके हुए कद्दू से तैयार किया जाता है। इसके लिए कद्दू के अंदर से गूदा और बीज अलग कर उसके मोटे-मोटे टुकड़े काट लेते हैं। फिर इन्हें छिलके सहित बहुत कम पानी में उबालकर ठंडा करने रख दिया जाता है। खाने पर यह टुकड़े गुड़ जैसी मिठास देते हैं। उबले कद्दू की तासीर ठंडी होती है। अब शुरू होती है रैठू बनाने की प्रक्रिया। कद्दू के टुकड़े मसलकर उनमें दही मिला दी जाती है और फिर जरूरत के हिसाब से नमक, मिर्च व मसाले मिला लेते हैं। तैयार है कद्दू का रैठू। इसे आप मट्ठा के साथ भी बना सकते हैं।

Garhwali Raita or Kumauni Raita

स्वादिष्ट और सुपाच्य डिश

आप रैठू को जायकेदार बनाना चाहते हो तो इसमें लोहे की करछी मेथी, जीरा या राई का तड़का लगा लें। इसे झंगोरा, भात व रोटी के साथ भी खाया जा सकता है। रैठू बेहद स्वादिष्ट और सुपाच्य डिश है। इसे खाने के बाद भूख बड़ी जल्दी लगती है।

टिप्पणियाँ