तस्वीर देखिये। बच्चे को दूध पिलाती माँ! माँ का चेहरा देखिये, क्या आपको लगता है कि उसकी छाती में छटाक भर भी दूध होगा?

 माँ कहानी

.

    तस्वीर देखिये। बच्चे को दूध पिलाती माँ! माँ का चेहरा देखिये, क्या आपको लगता है कि उसकी छाती में छटाक भर भी दूध होगा? 

तस्वीर देखिये। बच्चे को दूध पिलाती माँ! माँ का चेहरा देखिये, क्या आपको लगता है कि उसकी छाती में छटाक भर भी दूध होगा?


     चेहरा बता रहा है कि दुखों ने उसके शरीर से खून-पानी-दूध सब चूस लिया है। कितने दिनों से उसके पेट मे अन्न का एक दाना भी नहीं गया है, कहा नहीं जा सकता। फिर भी वह दूध पिला रही है। दूध क्या, खून पिला रही है। वह माँ है।

     वह साल भर का बच्चा जो उसकी छाती से अमृत चूस रहा है, एक लगभग मृत शरीर से अपने लिए जीवन चूस रहा है। वह जानता तक नहीं कि वह माँ का खून चूस रहा है। जाने भी कैसे? माँ की गोद मे बैठा एक साल का बच्चा यदि कुछ जानता है तो बस इतना कि वह ईश्वर की गोद में है। बच्चे जब तक बाहरी ज्ञान से अपरिचित होते हैं, अर्थात जबतक पूर्णतः निश्छल, निर्लोभ, निर्विकार होते हैं तबतक उनके लिए माँ ही ईश्वर होती है।

     वस्तुतः ईश्वर के सम्बंध में अलग अलग सम्प्रदायों की जितनी भी मान्यताएं हैं वे सब मनुष्यों द्वारा गढ़ी गई हैं। पर जब मनुष्य अपनी इन मान्यताओं से मुक्त होता है तब उसके लिए माँ ही ईश्वर होती है। न होती, तो अपने बच्चे को अपना खून न पिलाती।

     तनिक सोच कर देखिये, क्या कोई पुरुष ऐसा कर सकता है? कुछ अपवादों को छोड़ दें तो शायद नहीं। ईश्वर ने यह शक्ति केवल स्त्रियों को दी है। तभी प्रेमचन्द ने लिखा था, "पुरुष में यदि स्त्री के गुण आ जाँय तो वह महात्मा हो जाता है।"

     पुरुष शारीरिक रूप से स्त्रियों से भले शक्तिशाली हो, पर कुछ तो है जो स्त्रियों में है पर उसमें नहीं है। यही 'कुछ' स्त्री को ईश्वर बना देता है। एक बड़ा मजेदार तथ्य है, पृथ्वी के अलग-अलग भाग में जन्मी सभी प्राचीन सभ्यताओं में सबसे पहले 'मातृशक्ति' की पूजा होती थी। विश्व की नहीं कह सकते, पर हमारे यहाँ तो अब भी होती है...

     हमारी सभ्यता ने स्त्री के इस पक्ष का बड़ा सम्मान किया है। इतना किया है कि इस सृष्टि में जिस-जिस ने हमारा ध्यान रखा, हमारी सेवा की, सबको हमने माँ कहा। धरती को, जल देने वाली नदी को, कुँए को, दूध देने वाली गाय को... सबसे आश्चर्यजनक तो यह है कि सत्ता ने महाराज भरत के नाम पर देश का नाम भारत रखा, लेकिन लोक ने देश को भी पुरुष से स्त्री कर दिया और भारत, "भारत माता" हो गए।

      यह तस्वीर भारत विभाजन के समय की है। उस स्त्री का उदास और आभाहीन मुखड़ा देख कर हम कह सकते हैं कि यह पिछली सदी की सबसे कुरूप तस्वीरों में से एक है, पर उस माँ के वात्सल्य का यह दुर्लभ रूप कह रहा है कि यह तस्वीर बहुत सुंदर भी है। 

       माँ की तस्वीर कभी कुरूप नहीं होती। पत्नी कुरूप हो सकती है, बेटी कुरूप हो सकती है, बहन कुरूप हो सकती है, पर माँ कभी कुरूप नहीं होती।

       विभाजन ने इस देश को कितना दुख दिया इसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते। जाने ऐसी कितनी तस्वीरें अन-खींची रह गईं। पीड़ा का इतिहास कौन लिखता...

      यह बच्चा यदि बच गया हो तो अपनी युवा अवस्था मे उसे शायद ही याद रहा होगा कि उसकी माँ ने उसे क्या पिलाया था। बेटे कहाँ याद रख पाते हैं। बेटे शायद इसलिए भी याद नहीं रख पाते क्योंकि वे माँ नहीं होते हैं।

टिप्पणियाँ

Popular Posts

Pahadi A Cappella 2 || Gothar Da Bakam Bham || गोठरदा बकम भम || MGV DIGITAL

एक कहानी वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की

Pahadi A Cappella 2 || Gothar Da Bakam Bham || गोठरदा बकम भम || MGV DIGITAL

कुमाऊँनी/गढ़वाली गीत : धूली अर्घ (Kumaoni/Garhwali Song : Dhuli Argh)

माँगल गीत : हल्दी बान - मंगल स्नान ( Mangal Song : Haldi Ban - Mangal Snan)