वीर चंद्र सिंह /Veer Chandra Singh

वीर चंद्र सिंह /Veer Chandra Singh

चन्द्र सिंह भण्डारी “गढ़वाली” 
जन्म    -     25 दिसम्बर, 1891, 
निधन    -     1 अक्टूबर, 1979
ग्राम    -     मासी, रौणीसेरा, चौथान पट्टी, गढ़वाल।
चंद्र सिंह गढ़वाली 

महात्मा गांधी के शब्दों में “मुझे एक चंद्र सिंह गढ़वाली और मिलता तो भारत कभी का स्वतंत्र हो गया होता।”
11 सितम्बर, 1914  को 2/39 गढ़वाल राईफल्स में सिपाही भर्ती हो गये, प्रथम विश्व युद्ध के दौरान अगस्त 1914  में मित्र राष्ट्रों की ओर से अपने सैनिक साथियों के साथ योरोप और मध्य पूर्वी क्षेत्र में प्रत्यक्ष हिस्सेदारी की। अक्टूबर में स्वदेश लौटे और 1917 में अंग्रेजों की ओर से मेसोपोटामिया के युद्ध में भाग लिया। 1921-23 तक पश्चिमोत्तर प्रांत में रहे, जहां अंग्रेजों और पठानों में युद्ध हो गया था। 1920 के बाद चन्द्र सिंह देश में घटित राजनैतिक घटनाओं में रुचि लेने लगे। 1929 में गांधी जी के बागेश्वर आगमन पर उनकी मुलाकात गांधी जी से हुई और गांधी जी के हाथ से टोपी लेकर, जीवन भर उसकी कीमत चुकाने का प्रण उन्होंने कर लिया। 1930 में इनकी बटालियन को पेशावर जाने का हुक्म हुआ, 23 अप्रैल, 1930 को पेशावर में किस्साखानी बाजार में खान अब्दुल गफ्फार खान के लालकुर्ती खुदाई खिदमतगारों की एक आम सभा हो रही थी। अंग्रेज आजादी के इन दीवानों को तितर-बितर करना चाहते थे, 

जो बल प्रयोग से ही संभव था। कैप्टेन रैकेट 72 गढ़वाली सिपाहियों को लेकर जलसे वाली जगह पहुंचे और निहत्थे पठानों पर गोली चलाने का हुक्म दिया। चन्द्र सिंह भण्डारी कैप्टेन रिकेट के बगल में खड़े थे, उन्होंने तुरन्त सीज फायर का आदेश दिया और सैनिकों ने अपनी बन्दूकें नीचीं कर ली। चन्द्र सिंह ने कैप्टेन रिकेट से कहा कि “हम निहत्थों पर गोली नहीं चलाते” इसके बाद गोरे सिपाहियों से गोली चलवाई गई। चन्द्र सिंह और गढ़वाली सिपाहियों का यह मानवतावादी साहस अंग्रेजी हुकूमत की खुली अवहेलना और राजद्रोह था। उनकी पूरी पल्टन एबटाबाद(पेशावर) में नजरबंद कर दी गई, उनपर राजद्रोह का अभियोग चलाया गया। हवलदार 253 चन्द्र सिंह भण्डारी को मृत्यु दण्ड की जगह आजीवन कारावास की सजा दी गई, १६ लोगों को लम्बी सजायें हुई, 39 लोगों को कोर्ट मार्शल के द्वारा नौकरी से निकाल दिया गया। 7 लोगों को बर्खास्त कर दिया गया, इन सभी का संचित वेतन जब्त कर दिया गया। यह फैसला मिलिट्री कोर्ट दआरा 13 जून 1930 को ऎबटाबाद छावनी में हुआ। बैरिस्टर मुकुन्दीलाल ने गढ़वालियों की ओर से मुकदमे की पैरवी की थी।

वीर चंद्र सिंह जेल

 चन्द्र सिंह गढ़्वाली तत्काल ऎबटाबाद जेल भेज दिये गये, 26 सितम्बर, 1941 को 11 साल, 3 महीन और 18 दिन जेल में बिताने के बाद वे रिहा हुये। ऎबटाबाद, डेरा इस्माइल खान, बरेली, नैनीताल, लखनऊ, अल्मोड़ा और देहरादून की जेलों में वे बंद रहे और अनेक यातनायें झेली। नैनी सेन्ट्रल जेल में उनकी भेंट क्रान्तिकरी राजबंदियों से हुई। लखनऊ जेल में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस से भेंट हुई। 

भारत सरकार द्वारा जारी डाक टिकट

श्री गढ़वाली एक निर्भीक देशभक्त थे, वे बेड़ियों को “मर्दों का जेवर” कहा करते थे।जेल से रिहा होने के बाद कुछ समय तक वे आनन्द भवन, इलाहाबाद रहने के बाद 1942 में अपने बच्चों के साथ वर्धा आश्रम में रहे। भारत छोड़ो आन्दोलन में उत्साही नवयुवकों ने इलाहाबाद में उन्हें अपना कमाण्डर इन चीफ नियुक्त किया। डा० कुशलानन्द गैरोला को डिक्टेटर बनाया गया, इसी दौरान उन्हें फिर से गिरफ्तार कर लिया गया, नाना जेलों में कठोर यातनायें दी गई, 6 अक्टूबर, 1942 को उन्हें सात साल की सजा हुई। 1945 में ही उन्हें जेल से छोड़ दिया गया, लेकिन गढ़वाल प्रवेश पर प्रतिबन्ध लगा दिया गया। जेल प्रवास के दौरान उनका परिचय यशपाल से परिचय हुआ और कुछ दिन उनके साथ वे लखनऊ में रहे। फिर अपने बच्चों के साथ हल्द्वानी आ गये। जेल प्रवास के दौरान वे आर्य समाजी हो गये, इस बीच उन्होंने क्रान्तिकारी कम्युनिस्ट विचारों को अपनाया और 1944 में कम्युनिस्ट कार्यकर्ता के रुप में सामने आये, 1946 में चन्द्र सिंह ने गढ़वाल में प्रवेश किया, जहां जगह-जगह पर जनस्मूह ने उनका भव्य स्वागत किया। कुछ दिन गढ़वाल में रहने के पश्चात वे किसान कांग्रेस में भाग लेने लुधियाना चले गये और वहां से लाहौर पहुंचे, दोनों जगह उनका भारी स्वागत हुआ। टिहरी रियासत् की जनक्रान्ति में भी इनकी सक्रिय भूमिका रही है। नागेन्द्र सकलानी के शहीद हो जाने के बाद गढ़वाली ने आन्दोलन का नेतृत्व किया। कम्युनिस्ट विचारधारा का व्यक्ति होने के कारण स्वाधीनता के बाद भी भारत सरकार उनसे शंकित रहती थी। वे जिला बोर्ड के अध्यक्ष का चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन सरकार ने उनपर पेशावर कांड का सजायाफ्ता होने के आरोप लगाकर गिरफ्तार कर लिया। सामाजिक बुराईयों के उन्मूलन के लिये वे सदैव संघर्षरत रहे, 1952 में उन्होंने पौड़ी विधान सभा सीट से कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से चुनाव लडा, लेकिन कांग्रेस की लहर के आगे वे हार गये। उत्तराखण्ड के विकास की योजनाओं के लिये उन्होंने अपनी आवाज उठाई और बाद के वर्षों में पृथक उत्तराखण्ड राज्य के समर्थन से लेकर विभिन्न सामाजिक और राजनैतिक गतिविधियों में उन्होंने हिस्सेदारी की।

वीर चंद्र सिंह राजनैतिक गतिविधियों

  1. बैरिस्टर मुकुन्दी लाल के शब्दों में “आजाद हिन्द फौज का बीज बोने वाला वही है”
  2. आई०एन०ए० के जनरल मोहन सिंह के शब्दों में “पेशावर विद्रोह ने हमें आजाद हिन्द फौज को संगठित करने की प्रेरणा
  3. वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली जी की याद को अक्षुण्ण रखने के लिये उत्तराखण्ड क्रान्ति दल ने 25 दिसम्बर, 1992 को गैरसैंण में उनकी एक आदमकद प्रतिमा की स्थापना की। जिसमें यह संकल्प लिया गया कि भावी उत्तराखण्ड राज्य की राजधानी का नाम गढ़वाली जी के नाम पर चन्द्रनगर होगा। 

वीर चंद्र सिंह गढ़वाली क्यों प्रसिद्ध है?
चंद्र सिंह गढ़वाली और गढ़वाल राइफल्स के उनके जवानों ने निहत्थे लोगों पर गोली चलाने के अपने ब्रिटिश कमांडर के किसी भी आदेश का चुपचाप विरोध करने का संकल्प लिया। 23 अप्रैल 1930 को पेशावर में किस्साखानी बाजार पुलिस चौकी के सामने हजारों की संख्या में पठान जमा हुए थे और उनके बीच राष्ट्रीय ध्वज लहरा रहा था।
वीर चंद्र सिंह गढ़वाली का वास्तविक नाम क्या है?
चंद्र सिंह गढ़वाली का वास्तविक नाम क्या था? 

. चंद्र सिंह गढ़वाली का वास्तविक नाम क्या था? चंद्र सिंह गढ़वाली का वास्तविक नाम 'चंद्र सिंह भंडारी' था। इनका जन्म 25 दिसंबर, 1891 को पौढ़ी गढ़वाल में हुआ था।

गढ़वाली किसकी बोली है?
गढ़वळि भाषा के अंतर्गत कई बोलियाँ प्रचलित हैं यह गढ़वाल के भिन्न भिन्न क्षेत्रों में भिन्न भिन्न पाई जाती है। गढ़वाली: गढ़वाल मंडल के सातों​ जिले पौड़ी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, देहरादून और हरिद्वार गढ़वाली भाषी लोगों के मुख्य क्षेत्र हैं। कुमांऊ के रामनगर क्षेत्र में गढ़वाली का असर देखा जाता है।

वीर चंद्र सिंह गांधी जी से कब और कहां मिले?
1920 के बाद वीर चंद्र सिंह गढ़वाली देश में घटित राजनीतिक घटनाओं में रुचि लेने लगे। 1929 में गांधी जी कुमाऊं भ्रमण पर आए और वीर चंद्र सिंह गढ़वाली जी उन दोनों छुट्टी पर आए हुए थे तो हुए गांधी जी से मिलने बैगन से पहुंचे और गांधी जी के साथ टोपी लेकर जीवन भर उसकी कीमत चुकाने का प्रण लिया।

वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली कौन थे ?
यों तो उत्तराखण्ड हमेशा से वीरों की भूमि रहा है, इस धरती ने इन्हीं वीरों में से कुछ परमवीर भी पैदा किये। जिनमें चन्द्र सिंह गढ़वाली का नाम सर्वोपरि कहा जा सकता है। उन्होंने 23 अप्रैल, 1930 को अफगानिस्तान के निहत्थे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों पर गोली चलाने से इन्कार कर एक नई क्रान्ति का सूत्रपात किया था और अंग्रेजी हुकूमत को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि भारत में उनके राज के कुछ ही दिन बचे हैं। हालांकि इस अजर-अमर विभूति की एक कमजोरी थी कि वह एक पहाड़ी था, जो टूट जाना पसन्द करते हैं लेकिन झुकना नहीं। चन्द्र सिह जी भी कभी राजनीतिज्ञों के आगे नहीं झुके, जिसका प्रतिफल यह हुआ कि स्वतंत्रता संग्राम के इस जीवट सिपाही को स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भी जेल जाना पड़ा और कई अपमान झेलने पड़े। इनकी जीवटता को कभी भी वह सम्मान नहीं मिल पाया जिसके वे हकदार थे। उनके अंतिम दिन काफी कष्टों में बीते, जब स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के नाम पर लोग मलाई चाट रहे थे, वहीं गढ़वाली जी अपने साथियों की पेंशन के लिये संघर्ष कर रहे थे। इस अमर सेनानी को हमारा सलाम, उनका सपना था कि उत्तराखण्ड पृथक आत्मनिर्भर राज्य बने, जिसकी राजधानी भी उत्तराखण्ड के केन्द्र में हो, दूधातोली, जो उनका पैतृक स्थान था, उसका विकास हो, वहां पर गढ़वाल नगर बसे, राजा भरत की जन्म स्थली कण्व आश्रम, कोटद्वार में भरत नगर बसाया जाय….आदि। लेकिन दुर्भाग्य है कि राज्य मिलने के इतने समय बाद भी उनके सपने अधूरे हैं।
वीर चंद्र सिंह /Veer Chandra Singh

टिप्पणियाँ